रविवार को कतर ओपन टेनिस टूर्नामेंट का अपना खिताब बरकरार रखने के साथ मरे के इस दावे को और मजबूती मिली है।
मरे ने रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में विश्व के पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी अमेरिका के एंडी रोडिक को 6-4, 6-2 से पराजित किया।
टूर्नामेंट के तीसरे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मरे ने पीठ में तकलीफ के बावजूद खिताबी मुकाबला खेला और शानदार तरीके से जीत हासिल कर खिताब की रक्षा की।
पिछले एक साल में मरे दुनिया के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल सहित लगभग सभी प्रमुख खिलाड़ियों को धूल चटा चुके हैं। इस दौरान वे दूसरे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर को पांच बार पराजित कर चुके हैं।
मरे वर्ष 2008 के अंतिम ग्रैंड स्लैम अमेरिकी ओपन के फाइनल में पहुंचे थे, जहां उन्हें फेडरर के हाथों हार झेलनी पड़ी थी।
मरे के टेनिस पटल पर तेजी से उभरने के साथ ब्रिटेन के 1936 के बाद पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने की उम्मीदों को बल मिला है। 1936 में ब्रिटेन के फ्रेड पैरी ने विंबलडन खिताब जीता था।
आस्ट्रेलियन ओपन के लिए मरे मेलबर्न पहुंच चुके हैं। पिछले साल की अपनी कामयाबी से फूले नहीं समा रहे मरे अपनी तैयारियों को लेकर सावधानी बरत रहे हैं क्योंकि उन्हें अच्छी तरह पता है कि नडाल, फेडरर और सर्बिया के नोवाक जोकोविक को बार-बार हराना आसान नहीं।
उन्होंने कहा, "मैं अपनी कामयाबी से खुश हूं लेकिन इसके साथ सावधानी भी बरत रहा हूं। मैं जानता हूं कि मैंने जिन खिलाड़ियों को हराकर कामयाबी हासिल की है, उनकी तैयारी मुझसे कम नही और इस कारण मैं अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नहीं हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।