भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) के अधिकारियों के बीच मंगलवार को हुई बैठक के दौरान यह फैसला किया गया। श्रृंखला का विस्तृत कार्यक्रम अगले दो दिनों में घोषित कर दिया जाएगा।
बीसीसीआई मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद इंग्लैंड के साथ खेली गई सात मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के दो मैचों के रद्द होने और पाकिस्तान में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के टाले जाने से हुए 2.50 करोड़ डॉलर के नुकसान की भरपाई के लिए श्रीलंकाई टीम के साथ यह श्रृंखला खेलने के लिए बेकरार था।
मुंबई पर हुए आतंकी हमले के बाद कूटनीतिक स्तर पर पाकिस्तान के साथ संबंध खराब होने के कारण भारत सरकार ने टीम को टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला के लिए पाकिस्तान भेजने से मना कर दिया था।
पाकिस्तान दौरा रद्द होने के बाद भारतीय टीम के पास नौ मार्च तक वक्त था और उसी की भरपाई के लिए बीसीसीआई इस बीच श्रीलंका के साथ श्रृंखला आयोजित करना चाहता था। मार्च में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड दौरे पर जाना है।
श्रीलंकाई टीम को इस महीने पाकिस्तान दौरे पर जाना है। वहां उसे टेस्ट तथा एकदिवसीय श्रृंखला में हिस्सा लेना है। पाक में टेस्ट श्रृंखला खेलने के बाद श्रीलंकाई टीम स्वदेश लौट आएगी और फिर भारत के साथ श्रृंखला संपन्न करके पाकिस्तान रवाना होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।