साथियों ने कहा, बेमिसाल हैं हेडन
आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'द एज' के मुताबिक हेडन के पूर्व सलामी जोड़ीदार जस्टिन लेंगर, मौजूदा कप्तान रिकी पोंटिंग और पूर्व तेज गेंदबाज ग्लेन मैक्ग्राथ ने हेडन की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें एक महान खिलाड़ी और उम्दा इंसान बताया है।
लेंगर ने कहा, "आंकड़ों को देखने के बाद आसानी से पता चलता है कि हेडन कितने महान खिलाड़ी हैं। एक बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने क्रिकेट जगत पर अमिट छाप छोड़ी है।"
लेंगर और हेडन ने लगभग साढ़े पांच साल तक आस्ट्रेलियाई टीम की सलामी बल्लेबाजी की। इस दौरान दोनों ने 51.53 के औसत से 5655 रन बटोरे। दोनों 14 बार शतकीय साझेदारी निभाई।
दूसरी ओर, कप्तान पोंटिंग ने हेडन को क्रिकेट इतिहास का महानतम सलामी बल्लेबाज बताया। पोंटिंग ने कहा, "आप रिकार्डबुक उठाकर देख लीजिए। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि आपको इतने शानदार रिकार्ड वाला कोई और सलामी बल्लेबाज नजर नहीं आएगा।"
अपने समय के सबसे सफल तेज गेंदबाज मैक्ग्राथ ने कहा कि हेडन ने ऐसे मुकाम पर संन्यास की घोषणा की है, जब उनके लिए कुछ भी साबित करने को नहीं रह गया था।
उन्होंने कहा, "हेडन जैसे महान खिलाड़ी के साथ खेलना अपने आप में एक सम्मान है। मैं खुश हूं कि मुझे यह मौका मिला। वे अपने समय के महानतम खिलाड़ियों में एक रहे हैं। इसके अलावा वे एक उम्दा इंसान और अच्छे दोस्त हैं।"
उल्लेखनीय है कि हेडन ने 15 साल के सफल करियर के बाद मंगलवार को संन्यास की घोषणा की। हेडन ने टेस्ट मैचों में आठ हजार से अधिक रन बनाए हैं। उनके नाम 30 शतक दर्ज हैं।
लगातार पांच साल तक (2001-2007) एक कैलेंडर वर्ष में 1000 से अधिक रन बनाने वाले हेडन पिछले कुछ समय से खराब फार्म से जूझ रहे थे। पिछली 17 पारियों में उनके नाम सिर्फ दो अर्धशतक दर्ज हो पाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications