दक्षिण अफ्रीका की आस्ट्रेलिया पर रोमांचक जीत (लीड-1)
272 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही मेहमान टीम को अंतिम समय में 30 गेंदों पर 50 रन बनाने थे जबकि उसके सात विकेट गिर गए थे। इस मुश्किल घड़ी में एल्बी मोर्कल ने साहसिक पारी खेलते हुए 18 गेंदों पर 40 रन ठोंककर अपनी टीम को तीन गेंद शेष रहते जीत दिला दी।
मैच के 19वें ओवर तक दक्षिण अफ्रीका ने तीन विकेट खोकर 90 रन बनाए थे। इसके बाद नील मैकेंजी (63) और पॉल डुमिनी (71) ने चौथे विकेट के लिए 123 रन जोड़कर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
मेलबर्न क्रिकेट मैदान पर खेले गए पिछले छह मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका की यह छठी जीत है।
इससे पहले, आस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 271 रन बनाए।
मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। आठ रन के कुल योग पर पारी की शुरुआत करने उतरे धुरंधर बल्लेबाज माइकल हसी (6) डेल स्टेन की गेंद पर विकेट के पीछे मार्क बाउचर के हाथों लपके गए।
इसके बाद ट्वेंटी-20 विशेषज्ञ के तौर पर अपनी पहचान कायम कर चुके सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श (79) और कप्तान रिकी पोंटिंग (46) ने दूसरे विकेट के लिए 94 रन जोड़कर अपनी टीम को मुश्किल से उबार लिया।
पोंटिंग 102 के कुल योग पर आउट हुए। उन्होंने अपनी 54 गेंदों की पारी में पांच चौके लगाए। मार्श और माइकल क्लार्क (16) ने कुल योग को 146 तक पहुंचाया लेकिन इसी स्कोर पर क्लार्क एल्बी मोर्कल की गेंद पर हाशिम अमला के हाथों लपके गए।
इसके बाद मार्श भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 174 के कुल योग पर मोर्न मोर्कल की गेंद पर बाउचर के हाथों कैच कर लिए गए। मार्श ने अपनी 97 गेंदों की पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।
अब आस्ट्रेलियाई पारी को संवारने की जिम्मेदारी डेविड हसी (52) और कैमरून व्हाइट (21) की थी। इस जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 49 रन जोड़े लेकिन 223 के कुल योग पर व्हाइट कप्तान जेहान बोथा द्वारा बोल्ड कर दिए गए।
दूसरे छोर पर हालांकि हसी की पारी जारी रही लेकिन 231 के कुल योग पर 50 गेंदों पर पांच चौके लगाने के बाद वे भी चलते बने। हसी को एल्बी मोर्कल ने बोल्ड किया।
इसके बाद विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रैड हेडिन (19) और नेथन ब्रेकन (नाबाद 12) ने संक्षिप्त लेकिन उपयोगी पारियों की मदद से अपनी टीम का कुल योग सम्मानजनक स्थिति तक पहुंचा दिया।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मोर्न मोर्कल, एल्बी मोर्कल और बोथा ने दो-दो विकेट लिए जबकि स्टेन के खाते में एक विकेट गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications