स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' के साथ बातचीत में पाकिस्तानी टीम के एक अधिकारी ने कहा, "शोएब अख्तर का खेल अब खत्म हो चुका हैं। वह इतिहास की बात बन चुके हैं।" जिस अधिकारी के हवाले से अखबार ने खबर दी है कि वह फिलहाल श्रीलंका दौरे पर पाकिस्तानी टीम के साथ हैं।
इस अधिकारी ने कहा, "श्रीलंका के खिलाफ खेली जा रही श्रृंखला में शोएब के पास आखिरी मौका था जिसमें वह अपने फार्म और फिटनेस को साबित करते। परंतु अपने को साबित करने में वह नाकाम रहे हैं। यह सच है कि शोएब का सुनहरा दौर अब बीत चुका है और ऐसे में हमें नए खिलाड़ियों को तरजीह देनी चाहिए।"
शोएब ने 14 महीने बाद श्रीलंका के खिलाफ एक दिवसीय सीरीज के लिए टीम में वापसी की थी लेकिन उनसे कप्तान शोएब मलिक को भी काफी निराशा हुई। मलिक ने संवाददाताओं से कहा, "मुझे मैदान पर शोएब से बतौर एक खिलाड़ी टीम के लिए जो योगदान चाहिए था वह नहीं मिला। "
गौरतलब है कि वर्ष 1997 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने वाले शोएब ने अब तक मात्र 46 टेस्ट मैच खेलें हैं और पाकिस्तानी टीम के सबसे वरिष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।