आस्ट्रेलियन ओपन की आधिकारिक वेबसाइट 'आस्ट्रेलियन ओपन डॉट कॉम' से मिली जानकारी के मुताबिक 2007 में विंबलडन का फाइनल खेल चुकीं 16वीं वरीयता प्राप्त बारतोली ने चौथे दौर के मुकाबले में जानकोविक को 6-1, 6-4 से पराजित किया।
पूरे मैच के दौरान जहां बारतोली तीन एस लगाने में सफल रहीं वहीं पहली बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के लिए प्रयासरत जानकोविक के रैकेट से एक भी एस नहीं निकला। बारतोली ने कुल 70 अंक अर्जित किए जबकि जानकोविक 53 अंक ही जुटा सकीं।
महिला वर्ग के चौथे दौर के एक अन्य मुकाबले में तीसरी वरीयता प्राप्त रूस की दिनारा सफीना ने 15वीं वरीयता प्राप्त फ्रांसीसी खिलाड़ी एलिज कार्नेट की छुट्टी कर दी। सफीना ने यह मैच 6-2, 2-6, 7-5 से जीता।
उधर, रूस की वेरा ज्योनारेवा ने अपने ही देश की नादिया पेत्रोवा को 7-5, 6-4 से पराजित कर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली। पेत्रोवा ने दूसरे दौर में भारत की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सानिया मिर्जा को पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।