आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट 'आईसीसी क्रिकेट डॉट कॉम' के मुताबिक हार के कारण पाकिस्तान को तीन रेटिंग अंक गंवाने पड़े। इस कारण वह कुल रेटिंग अंकों के आधार पर न्यूजीलैंड के बाद पांचवें स्थान पर खिसक गया है।
इस श्रृंखला को जीतने के साथ श्रीलंका ने भी तालिका में अपनी स्थिति थोड़ी बेहतर की है लेकिन वह अभी भी सातवें स्थान पर बना हुआ है।
श्रीलंका ने दो रेटिंग अंक हासिल किए हैं और इसके कारण वह छठे क्रम पर आसीन इंग्लैंड की टीम से सिर्फ एक अंक पीछे रह गया है।
श्रीलंका की टीम को अगले कुछ दिनों में भारत के साथ पांच मैचों की एकदिवसीय श्रंखला खेलनी है। उसे जीतकर वह तालिका में अपनी स्थिति काफी मजबूत कर सकता है।
भारत तालिका में तीसरे स्थान पर है। पहले स्थान पर आस्ट्रेलिया और दूसरे स्थान पर दक्षिण अफ्रीकी टीम है। दोनों के बीच छह अंकों का अंतर है जबकि भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सिर्फ तीन अंकों का अंतर रह गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।