गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भूपति और नोल्स की तीसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने पोलैंड के लोकाज कोबोट और आस्ट्रिया के ओलिवर मराक की जोड़ी को मात्र 58 मिनट के खेल में 6-3, 6-1 से हरा दिया।
भूपति और नोल्स की जोड़ी ने खेल की शुरुआत से ही कोबोट और मराक पर दबदबा बनाए रखा और पहले सेट को 6-3 से बड़ी आसानी से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में भी दोनों ने शानदार खेल दिखाया और इसे भी 6-1 से जीत लिया।
अगले दौर में भूपति-नोल्स का सामना दो बार के चैंपियन बॉब और माइक ब्रायन तथा भारत के लिएंडर पेस और उनके चेक गणराज्य के जोड़ीदार लुकास डुल्ही के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
उल्लेखनीय है कि भूपति के पास पांचवी बार ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का मौका है। इससे पहले वह वर्ष 1999 और 2001 में फ्रेंच ओपन, 1999 में विंबलडन और 2002 में यूएस ओपन के युगल खिताब पर अपना कब्जा जमा चुके हैं।
दूसरी ओर, बालक वर्ग में भारत के सबसे तगड़े उम्मीदवार सर्वोच्च वरीय युकी भांबरी ने जर्मनी के रिचर्ड ब्रेकर को 6-1, 7-5 से हराकर सेमीफाइनल में स्थान पक्का कर लिया है।
अंतिम चार में उनका सामना फ्रांस के एड्रियन पगेट से होगा, जिन्होंने रूस के मिखाइल बिरुकोव को 6-4, 6-2 से पराजित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।