आईपीएल ने आसिफ पर 1 साल का प्रतिबंध लगाया (लीड-1)
कराची, 30 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) समर्थित ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के न्यायाधिकरण ने टूर्नामेंट के पहले संस्करण के दौरान प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाए जाने वाले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद आसिफ पर एक साल का प्रतिबंध लगाया है।
आईपीएल न्यायाधिकरण ने शुक्रवार को आसिफ के खिलाफ सजा तय की। आसिफ के एजेंट सलमान अहमद ने उन पर लगे प्रतिबंध की खबर की पुष्टि कर दी है। अहमद ने कहा कि आसिफ अब अभ्यास में जुट जाएंगे, जिससे कि वह अगले साल पाकिस्तान के लिए खेल सकें।
आईपीएल अधिकारियों ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को अपने इस फैसले की जानकारी दे दी है। ऐसा माना जा रहा है कि आसिफ पर लगाया गया प्रतिबंध पिछले साल 15 सितंबर से लागू होगा। पिछले साल सितंबर में ही आईपीएल ने आसिफ पर आरोप तय किए थे। इस लिहाज से आसिफ 24 सितंबर, 2009 के बाद पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के योग्य हो जाएंगे।
आसिफ को पिछले साल मई में आयोजित आईपीएल के पहले संस्करण के दौरान प्रतिबंधित शक्तिवर्धक मादक पदार्थ नेंड्रोलोन के सेवन का दोषी पाया गया है। आसिफ ने हालांकि अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने जिस आई-ड्रॉप (आंख की दवा) का उपयोग किया था, उसके माध्यम से उनके शरीर में नेंड्रोलोन के अंश पहुंचे हैं, लेकिन न्यायाधिकरण ने उनकी इस दलील को खारिज कर दिया।
आसिफ दुबई हवाई अड्डे पर अफीम के साथ पकड़े जाने के मामले में पहले से ही पीसीबी द्वारा लगाया गया प्रतिबंध झेल रहे हैं। आसिफ आईपीएल में दिल्ली की डेअर डेविल्स टीम के लिए खेले थे, हालांकि इस साल वह आईपीएल में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। आईपीएल न्यायाधिकरण के सामने पेश होने से कुछ दिन पहले ही उन्होंने इस प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया था।
दुबई में हिरासत में लिए जाने के मामले को लेकर पीसीबी आसिफ के खिलाफ जांच पूरी कर चुका है। पूर्व टेस्ट विकेटकीपर वसीम बारी के नेतृत्व में गठित तीन सदस्यीय समिति छह फरवरी को पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट को इसकी रिपोर्ट सौंप देगी। इसके बाद पीसीबी आसिफ के खिलाफ कार्रवाई की घोषणा करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications