दक्षिण अफ्रीका ने आस्ट्रेलिया से छीनी नंबर-1 की कुर्सी (लीड-1)
इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीकी टीम अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की एकदिवसीय रैंकिंग में आस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ते हुए पहले स्थान पर पहुंच गई है। दक्षिण अफ्रीकी टीम इससे पहले फरवरी 2007 में भी शीर्ष पायदान पर पहुंची थी लेकिन वह वहां बहुत कम समय के लिए बनी रह सकी थी।
दक्षिण अफ्रीका द्वारा दिए गए 289 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आस्ट्रेलियाई टीम 49 ओवरों में 249 रन पर पेवेलियन लौट गई। आस्ट्रेलिया के लिए माइकल हसी ने सबसे अधिक 78 रन बनाए, जबकि ब्रेड हेडिन ने 63 और डेविड हसी ने 32 रनों का योगदान दिया।
अपने करियर का पहला एकदिवसीय मैच खेल रहे दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज लोनाबो ट्सोटसोबो ने 50 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट झटके। इसके अलावा मोर्न मोकर्ल ने दो और जेहान बोथा, जे.पी. डुमिनी और डी. पार्नेल ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला करते हुए मेहमान टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट पर 288 रन बनाए। खराब शुरुआत से उबरते हुए दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाजों ने 5.76 के औसत से रन बटोरे। दक्षिण अफ्रीकी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। 28 रन के कुल योग पर विस्फोटक सलामी बल्लेबाज हर्शेल गिब्स (7) को बेन हिफेनहॉस ने जेम्स होप्स के हाथों कैच करा दिया।
इसके बाद नील मैकेंजी (10) और सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला (97) ने पारी को संभालने की मुहिम शुरू की लेकिन 58 के कुल योग पर होप्स ने मैकेंजी को विकेट के पीछे कैच कराकर मेहमान टीम की मुश्किल बढ़ा दीं। अब पारी को संवारने का दारोमदार अब्राहम डिविलियर्स (60) और अमला पर आ गया। दोनों ने इस जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए तीसरे विकेट के लिए 118 रनों की साझेदारी को अंजाम दिया।
डिविलियर्स 176 के कुल योग पर होप्स की गेंद पर डेविड वार्नर के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी 71 गेंदों की पारी में चार चौके लगाए। इस बीच अमला शतक की ओर बढ़ते नजर आ रहे थे लेकिन उससे तीन रन पहले होप्स ने उन्हें विकेट के पीछे ब्रेड हेडिन के हाथों कैच करा दिया। अमला ने अपना 117 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।
अमला के विदा होने के बाद ऐसा लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका सम्माजनक स्कोर हासिल नहीं कर सकेगा लेकिन डुमिनी (नाबाद 60) ने एक शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को सम्माजनक योग तक पहुंचा दिया। डुमिनी ने 42 गेंदों की पारी में तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए। हालांकि एल्बी मोर्क (14) और वी.बी. जार्सवेल्ड (5) ने निराश किया। कप्तान बोथा 14 रन बनाकर नाबाद लौटे।
आस्ट्रेलिया की ओर से होप्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 44 रन देकर तीन विकेट झटके जबकि हिफेनहॉस ने दो और मिशेल जानसन ने एक विकेट लिया। एक मैच के आराम के बाद टीम में लौटे नेथन ब्रेकन काफी महंगे साबित हुए। उन्होंने अपनी 10 ओवर के कोटे में 70 रन खर्च किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications