आस्ट्रेलियन ओपन की आधिकारिक वेबसाइट 'आस्ट्रेलियन ओपन डॉट कॉम' के मुताबिक शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में नडाल ने पांच सेट तक चले मुकाबले में 14वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को को 6-7, 6-4, 7-6, 6-7, 6-4 से पराजित किया।
रविवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में नडाल का सामना दूसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर से होगा। फेडरर अमेरिका के एंडी रोडिक को हराकर फाइनल में पहुंचे हैं।
फेडरर जहां अपने चौथे खिताब के लिए कोर्ट पर उतरेंगे वहीं नडाल पहली बार आस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बनने का प्रयास करेंगे।
उधर, अमेरिका की विलियम्स बहनों- वीनस और सेरेना ने महिला वर्ग का युगल खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में विलियम्स बहनों ने जापान की अई सुगियामा और स्लोवाकिया की डेनियाला हंतुकोवा की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित किया।
मेलबर्न में 75 मिनट तक चले इस मुकाबले में विलियम्स बहनों की जोड़ी ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। पहले सेट में दोनों ने शानदार खेल दिखाते हुए इसे बड़ी आसानी से 6-3 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में सुगियामा और हंतुकोवा की जोड़ी ने मैच में वापसी करने की भरपूर कोशिश की लेकिन विलियम्स बहनों ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। दूसरा सेट भी 6-3 से अपने नाम कर वीनस और सेरेना ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।
विलियम्स बहनों ने इससे पहले 2001 और 2003 में इस खिताब पर कब्जा किया था। वैसे कुल मिलाकर यह उनका आठवां ग्रैंड स्लैम खिताब है।
युगल खिताब जीतने के मामले में विलियम्स बहनें वर्जिनिया रुआनो पास्क्वेल और पाउला साउरेज की बराबरी कर चुकी हैं। इनसे अधिक युगल खिताब मार्टिना नवरातिलोवा और पैम श्राइवर (21) तथा गिगी फर्नाडेज और नतासा ज्वेरेवा (14) ने ही जीते हैं।
वीनस एकल मुकाबलों के तीसरे दौर से ही बाहर हो चुकी हैं लेकिन सेरेना फाइनल में पहुंच चुकी हैं। शनिवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में उनका सामना रूस की दिनारा सफीना से होगा।
नौवीं बार आस्ट्रेलियन ओपन में खेल रहीं सेरेना 10वें एकल खिताब के लिए कोर्ट पर उतरेंगी, जबकि सफीना पहले खिताब के लिए प्रयास करेंगी। सेरेना ने आस्ट्रेलियन ओपन खिताब तीन बार जीता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*