रविवार को खेले जाने वाले एकल मुकाबले का फाइनल जीतकर फेडरर जहां अपने करियर का 14वां ग्रैंेड स्लैम खिताब जीतना चाहेंगे, वहीं नडाल पहली बार आस्ट्रेलियन ओपन चैंपियन बनने की ख्वाहिश के साथ उतरेंगे।
उससे ठीक पहले पुरुषों के युगल, मिश्रित युगल और जूनियर (बालक) वर्ग में शनिवार को भारत को खिताबी जीत का इंतजार होगा।
शुक्रवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में नडाल ने पांच सेट तक चले मुकाबले में 14वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी स्पेन के फर्नाडो वर्दास्को को 6-7, 6-4, 7-6, 6-7, 6-4 से पराजित किया।
उधर, अमेरिका की विलियम्स बहनों- वीनस और सेरेना ने महिला वर्ग का युगल खिताब तीसरी बार अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में विलियम्स बहनों ने जापान की अई सुगियामा और स्लोवाकिया की डेनियाला हंतुकोवा की जोड़ी को 6-3, 6-3 से पराजित किया।
मेलबर्न में 75 मिनट तक चले इस मुकाबले में विलियम्स बहनों की जोड़ी ने शुरू से ही अपना दबदबा बनाए रखा। पहले सेट में दोनों ने शानदार खेल दिखाते हुए इसे बड़ी आसानी से 6-3 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में सुगियामा और हंतुकोवा की जोड़ी ने मैच में वापसी करने की भरपूर कोशिश की लेकिन विलियम्स बहनों ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। दूसरा सेट भी 6-3 से अपने नाम कर वीनस और सेरेना ने खिताब पर कब्जा जमा लिया।
विलियम्स बहनों ने इससे पहले 2001 और 2003 में इस खिताब पर कब्जा किया था। वैसे कुल मिलाकर यह उनका आठवां ग्रैंड स्लैम खिताब है।
युगल खिताब जीतने के मामले में विलियम्स बहनें वर्जिनिया रुआनो पास्क्वेल और पाउला साउरेज की बराबरी कर चुकी हैं। इनसे अधिक युगल खिताब मार्टिना नवरातिलोवा और पैम श्राइवर (21) तथा गिगी फर्नाडेज और नतासा ज्वेरेवा (14) ने ही जीते हैं।
वीनस एकल मुकाबलों के तीसरे दौर से ही बाहर हो चुकी हैं लेकिन सेरेना फाइनल में पहुंच चुकी हैं। शनिवार को होने वाले खिताबी मुकाबले में उनका सामना रूस की दिनारा सफीना से होगा।
नौवीं बार आस्ट्रेलियन ओपन में खेल रहीं सेरेना 10वें एकल खिताब के लिए कोर्ट पर उतरेंगी, जबकि सफीना पहले खिताब के लिए प्रयास करेंगी। सेरेना ने आस्ट्रेलियन ओपन खिताब तीन बार जीता है।
भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त जूनियर खिलाड़ी युकी भांबरी और उनके चीनी ताइपे के जोड़ीदार लियांग ची हुआंग की जोड़ी हालांकि जूनियर वर्ग के युगल मुकाबलों के सेमीफाइनल में हार गई।
सेमीफाइनल मुकाबले में रूस के मिखाइल बिरुकोव और जापान के यासुताका उचियामा की जोड़ी ने युकी और हुआंग की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-3, 6-1 से पराजित किया।
एकल मुकाबलों में हालांकि युकी की दावेदारी अभी तक बरकरार है। वह शुक्रवार को ही खेले गए सेमीफाइल मुकाबले को जीतकर फाइनल में पहुंच गए हैं। टूर्नामेंट के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे युकी ने शुक्रवार को फ्रांस के एड्रियन पुगेट को 6-4, 6-4 से पराजित किया।
शुक्रवार का दिन भारत के लिए एक और अच्छी खबर लेकर आया। देश की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला खिलाड़ी सानिया मिर्जा और दिग्गज युगल विशेषज्ञ महेश भूपति की जोड़ी मिश्रित युगल मुकाबलों के फाइनल में पहुंच गई है।
सानिया-भूपति की गैर वरीयता प्राप्त जोड़ी ने चेक गणराज्य के लुकास डुल्ही और इवेता बेनेसावो की जोड़ी को 6-4, 6-1 से पराजित किया। खिताबी मुकाबले में सानिया और भूपति का सामना इजरायल के एंडी रैम और फ्रांस की नताली डेसी की जोड़ी से होगा। भारतीय जोड़ी लगातार दूसरे साल आस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में पहुंची है।
एकल और युगल वर्ग में सानिया की चुनौती पहले ही समाप्त हो चुकी है जबकि भूपति अपने जोड़ीदार बहामास के मार्क नोल्स के साथ पुरुषों के युगल मुकाबलों के फाइनल में पहुंच चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*