अपने करियर का छठा शतक लगाने वाले गंभीर की बेहतरीन पारी की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट पर 332 रन बनाए।
गंभीर ने 147 गेंदों पर 14 चौके और एक छक्का लगाया। गंभीर ने एकदिवसीय मैचों में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर हासिल किया। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 113 रन था। कप्तान धोनी ने 96 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए जबकि रैना 37 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाकर नाबाद लौटे।
भारतीय टीम का पहला विकेट सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग (5) के रूप में 14 रन के कुल योग पर गिरा था। इसके बाद गंभीर और धोनी ने दूसरे विकेट के लिए 188 रनों की साझेदारी निभाई। धोनी 202 के कुल योग पर आउट हुए थे। इसके बाद भारतीय टीम ने युवराज सिंह (5) और यूसुफ पठान (0) के विकेट भी जल्दी-जल्दी गंवा दिए।
धोनी और गंभीर ने श्रीलंकाई टीम को एक बार फिर ठीक उसी तरह हताश किया, जिस तरह मंगलवार को इसी मैदान पर सहवाग और युवराज ने तीसरे विकेट के लिए 223 रन जोड़कर निराश किया था।
सहवाग ने तीसरे मुकाबले में श्रीलंकाई टीम की मिट्टी पलीद कर दी थी लेकिन इस मैच में तेज गेंदबाज नुवान कुलसेकरा ने तीसरे ओवर की आखिरी गेंद पर ही उन्हें सनत जयसूर्या के हाथों कैच करा दिया। कुलसेकरा ने युवराज और यूसुफ को भी चलता किया जबकि धोनी जयसूर्या की गेंद पर दिलहारा फर्नाडो के हाथों लपके गए।
भारत ने इस मैच में मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर और तेज गेंदबाज जहीर खान को आराम दिया। उनकी जगह रोहित शर्मा और इरफान पठान को टीम में शामिल किया गया। तेंदुलकर पहले तीन मैचों में दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से पगबाधा आउट करार दिए गए थे।
श्रीलंकाई टीम ने स्पिनर असंथा मेंडिस को आराम देने का फैसला किया। उनकी जगह एंजेलो मैथ्यूज खेल रहे हैं। पांच मैचों की श्रृंखला में भारतीय टीम 3-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है।
इस मैच में एक विकेट लेकर श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन विश्व के सबसे सफल एकदिवसीय गेंदबाज बन गए। मुरलीधरन ने 503 विकेट लेकर पाकिस्तान के वसीम अकरम के विश्व रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया। अपने करियर के 328वें मैच में खेलते हुए 36 वर्षीय मुरलीधरन ने गंभीर का विकेट लेकर यह सफलता हासिल की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।