प्रेमदासा स्टेडियम में भारत के साथ गुरुवार को खेले गए इस मैच में 333 रनों के लक्ष्य का पीछा करती हुई श्रीलंका की पूरी टीम 48 ओवरों में 265 रनों पर सिमट गई। श्रीलंका की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा ने सर्वाधिक 56 रन बनाए।
भारत की ओर से इरफान पठान ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए जबकि पार्ट टाइम स्पिन गेंदबाज वीरेंद्र सहवाग और प्रवीण कुमार ने दो-दो विकेट लिए। सहवाग ने खतरनाक होते दिख रहे विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा और कप्तान माहेला जयवर्धने को चलता किया।
इससे पहले, युवा सलामी बल्लेबाज गौतम गंभीर (150 रन) के करियर के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (94) तथा सुरेश रैना (नाबाद 49) की नायाब पारियों की बदौलत भारतीय टीम एक बार फिर रनों का पहाड़ खड़ा करने में सफल रही।
अपने करियर का छठा शतक लगाने वाले गंभीर की बेहतरीन पारी की बदौलत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी कर रही भारतीय टीम ने निर्धारित 50 ओवर में पांच विकेट पर 332 रन बनाए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।