पीसीबी ने माना, सुरक्षा खतरों से टली चैंपियंस ट्राफी
स्थानीय समाचार पत्र 'द नेशन' के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख एजाज बट्ट ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट का दर्जा रखने वाले तीन देशों ने पाकिस्तान में खेलने को लेकर सुरक्षा से जुड़े खतरों को जाहिर किया था। इसके बाद ही चैंपियंस ट्राफी को यहां से टाल दिया गया।
दुबई में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कार्यकारी परिषद की बैठक से लौटने के बाद बट्ट ने शुक्रवार को संवाददाताओं को बताया, "आस्ट्रेलिया के खिलाफ एक दिवसीय श्रृंखला अब पाकिस्तान की बजाय यूएई में होगी। पाकिस्तान पांच मैचों की यह श्रृंखला दुबई और अबूधाबी में खेलेगा।"
इस श्रृंखला के नए कार्यक्रम के मुताबिक शुरुआती दो मैच दुबई में और बाकी के तीन मैच अबूधाबी में खेले जाएंगे। इसके बाद दोनों टीमों में एक ट्वेंटी-20 मैच भी खेला जाएगा।
बट्ट ने कहा, "अगर आस्ट्रेलिया टेस्ट श्रृंखला पाकिस्तान में नहीं खेलता है तो इसे इंग्लैंड में आयोजित किया जाएगा। इस संदर्भ में इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) से बातचीत हुई है।"
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान दौरे के संदर्भ में सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को जाहिर किया था। इसके बाद पीसीबी ने श्रृख्ांला को यूएई में कराने का फैसला किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications