वेबसाईट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक 18 फरवरी को होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान बीसीसीआई भारतीय टीम के पूर्व कप्तान गुंडप्पा विश्वनाथ को 'लाइफटाइम एचीवमेंट अवार्ड' से सम्मानित करेगी।
इसके अलावा चितेश्वर पुजारा को 2007-08 सत्र में घरेलू क्रिकेट का बेहतरीन बल्लेबाज और सुदीप त्यागी को बेहतरीन गेंदबाज के रूप में सम्मानित किया जाएगा।
बीसीसीआई ने महाराष्ट्र के अंकित बवाने को सर्वश्रेष्ठ अंडर-15, पंजाब के मंदीप सिंह को सर्वश्रेष्ठ अंडर-17, उत्तर प्रदेश के भुवनेश्वर कुमार को सर्वश्रेष्ठ अंडर-19 और दिल्ली के राहुल दीवान को सर्वश्रेष्ठ अंडर-22 खिलाड़ी के रूप में चुना है। इन्हें एम.ए. चिदंबरम ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
भारत की महिला टीम की पूर्व कप्तान मीताली राज और लेग स्पिनर थिरुष कामिनी को सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर के सम्मान से नवाजा जाएगा।
बीसीसीआई ने भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और स्पिनर हरभजन सिंह को भी इस अवसर पर विशेष रूप से सम्मानित करने का फैसला किया है।
धोनी को जहां इस सत्र में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया जाएगा वहीं हरभजन 300 टेस्ट विकेट लेने के कारण सम्मानित किए जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।