आईपीएल के 2 मैच बांग्लादेश में करा सकती है नाइट राइडर्स टीम
बांग्लादेश के खिलाड़ी मशरफे मुतर्जा के साथ रिकार्ड कीमत पर करार करने के बाद आईपीएल को लेकर वहां पैदा हुए उत्साह के मद्देनजर नाइट राइडर्स टीम यह फैसला ले सकती है। टीम की सह-मालिक और बॉलीवुड अभिनेत्री जूही चावला ने भी इस बात के संकेत दिए हैं।
रविवार को आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचीं जूही ने कहा, "हम बांग्लादेश में अपने हिस्से के दो मैच कराने के बारे में गंभीरता से विचार कर रहे हैं। हमें बांग्लादेश की जनता से जो प्यार और सहयोग मिल रहा है, उसी के मद्देनजर हम इस संभावना पर विचार कर रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि नाइट राइडर्स टीम ने बांग्लादेश के हरफनमौला खिलाड़ी मुतर्जा के साथ 600,000 डॉलर में करार किया है। इससे बांग्लादेश में आईपीएल को लेकर जबरदस्त उत्साह है।
नाइट राइडर्स के मालिक फिल्म अभिनेता शाहरुख खान और जूही इन दिनों ईडन गार्डेस स्टेडियम में कराए जाने वाले मैचों से जुड़े वित्तीय मसले को लेकर क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के साथ उलझे हुए हैं।
नाइट राइडर्स टीम ने आईपीएल के पहले संस्करण के बदले ईडन गरडस स्टेडियम में कराए गए सात मैचों के लिए सीएबी को 3.5 करोड़ रुपये देने का वादा किया था, हालांकि सीएबी ने इस राशि को लेकर असंतोष जाहिर किया था।
सीएबी ने मैचों के आयोजन की व्यवस्था करने के लिए नाइट राइडर्स टीम से और आठ करोड़ रुपये मांगे हैं लेकिन नाइट राइडर्स टीम ने यह रकम देने से इंकार कर दिया है। इसी विवाद के कारण नाइट राइडर्स टीम अपने दो मैच बांग्लादेश में खेलने पर विचार कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications