पश्चिम क्षेत्र द्वारा दिए गए 678 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए चौथे दिन के अपने स्कोर चार विकेट पर 232 रन से आगे खेलते हुए दक्षिण क्षेत्र की टीम मैच के पांचवें दिन सोमवार को 403 रन बनाकर पेवेलियन लौट गई।
दक्षिण क्षेत्र की ओर से मैच के चौथे दिन पहले विकेट के लिए 165 रनों की साझेदारी करने वाले मुरली विजय (63) और रोबिन उथप्पा (94) के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने 75 रन और कप्तान एस. बद्रीनाथ ने 59 रनों का योगदान दिया।
बद्रीनाथ और कार्तिक ने पांचवें विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी निभाकर काफी हद तक संघर्ष करने का प्रयास किया लेकिन मैच को ड्रॉ कराने की उनकी कोशिश बड़े लक्ष्य के आगे बेमानी साबित हुई।
दक्षिण की ओर से आर. अश्विन ने 46 रन और एम. सुरेश ने 28 रन बनाए। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 58 रन जोड़े। पश्चिम की ओर से स्पिनर राजेश पवार ने भी दो विकेट लिए।
पश्चिम क्षेत्र ने अपनी पहली पारी में 459 रन बनाए थे जबकि दक्षिण क्षेत्र की टीम कप्तान बद्रीनाथ (नाबाद 100) के शतक के बावजूद अपनी पहली पारी में 199 रन ही बना सकी थी।
पहली पारी के आधार पर 260 रनों की बढ़त हासिल करने वाली पश्चिम क्षेत्र की टीम ने अपनी दूसरी पारी में आठ विकेट पर 417 रन (घोषित) बनाकर दक्षिण के सामने 678 रनों का असंभव सा दिखने वाला लक्ष्य रखा था, जिसके आगे दक्षिण के बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।