धोरासू के पूर्वज भारत और मारीशस से ताल्लुक रखते हैं। धोरासू ने अपनी नई भूमिका को लेकर पिछले सप्ताह फीफा अधिकारियों से मुलाकात की थी।
फीफा ने उन्हें 2007 में मौजूदा अध्यक्ष सैप ब्लेटर द्वारा शुरू किए गए 'विन इन इंडिया विद इंडिया' कार्यक्रम के तहत भारतीय फुटबाल के साथ जोड़ने का फैसला किया है।
धोरासू ने फीफा की वेबसाइट पर कहा, "मुझे भारत में फुटबाल कार्यक्रम पर काम करने की जिम्मेदारी दी गई है। फीफा भारत में फुटबाल के विकास को लेकर काफी सजग है और यही कारण है कि उसने मेरी नियुक्ति एक ऐसे देश में की है जो किसी न किसी रूप में मुझसे जुड़ा रहा है।"
दूसरी ओर, अखिल भारतीय फुटबाल संघ (एआईएफएफ) भारतीय फुटबाल के विकास में धोरासू की भूमिका को लेकर अनभिज्ञ है।
एआईएफएफ के महासचिव अल्बटरे कोलाको ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "फीफा का यह कार्यक्रम अभी शुरुआती चरण में है। हमें धोरासू की भूमिका के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।"
धोरासू के पास यूरोपीय क्लब फुटबाल में खेलने का अच्छा अनुभव है। वह बोरड्यूक्स, ए.सी. मिलान और पेरिस सेंट जर्मेन जैसी अग्रणी टीमों के लिए खेल चुके हैं।
धोरासू 2006 विश्व कप के दौरान फ्रांस की राष्ट्रीय फुटबाल टीम में शामिल थे। वह जिनेडिन जिडान, लिलियन थुर्रम, पैट्रिक विएरा, क्लाउडे मैकेले और थिएरी हेनरी जैसे दिग्गजों के साथ फ्रांसीसी टीम में खेल चुके हैं। भारतीय मूल का होने के कारण वह इस विश्व कप के दौरान भारत में खासे लोकप्रिय हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।