ब्रिटेन के समाचार पत्र 'टेलीग्राफ' के मुताबिक ब्राजील को विश्व कप में खिताबी जीत दिला चुके स्कोलारी चेल्सी के साथ सिर्फ सात महीने ही रह सके। उनकी नियुक्ति पिछले साल जून में हुई थी। हैरानी की बात यह है कि एक साल के भीतर चेल्सी ने तीसरे प्रबंधक को बर्खास्त किया है।
इंग्लिश प्रीमियर लीग में चेल्सी फिलहाल चौैथे स्थान पर है। चैंपियंस लीग और एफए कप में भी उसकी चुनौती बरकरार है। क्लब ने साफ किया है कि नए प्रबंधक की नियुक्ति तक रे विलकिंस कार्यकारी प्रबंधक के तौर पर काम करते रहेंगे।
स्कोलारी ने चेल्सी के साथ तीन साल का करार किया था। इस करार के बदले चेल्सी ने इस विश्व विजेता कोच को मुंहमांगी राशि दी थी। समय से पहले बर्खास्त करने के कारण चेल्सी को स्कोलारी को भारी हर्जाना देना पड़ सकता है।
चेल्सी के प्रवक्ता एकाज फेलेगर ने कहा कि स्कोलारी को हटाने का फैसला खुद क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविक ने किया है।
उन्होंने कहा, "अब्रामोविक को स्कोलारी का काम पसंद नहीं आया, लिहाजा खिलाड़ियों और अपने सहयोगी पीटर केनयोन का समर्थन हासिल होते हुए भी स्कोलारी को अपने पद से हाथ धोना पड़ा।"
स्कोलारी की विदाई के साथ चेल्सी के साथ जुड़ने के लिए बड़े-बड़े दिग्गजों ने अपने दावे ठोक दिए हैं। इनमें रूस की राष्ट्रीय टीम के मौजूदा कोच गस हिडिंक और स्पेन के क्लब बार्सिलोना के प्रबंधक फ्रैंक रिज्कार्ड प्रमुख हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।