पाकिस्तान दौरे से लौटकर कप्तानी से इस्तीफा देंगे जयवर्धने (लीड-1)
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' के मुताबिक मंगलवार को भारत के साथ खेले गए एकमात्र ट्वेंटी-20 मुकाबले से खुद को दूर रखने वाले जयवर्धने ने बुधवार को क्रिकेट श्रीलंका (एसएलसी) के शीर्ष अधिकारियों और अपने साथियों से बात करने के बाद यह फैसला किया।
एसएलसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिलीप मेंडिस ने कहा कि बोर्ड ने जयवर्धने के इस प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है, लिहाजा पाकिस्तान दौरे के ठीक बाद जिंबाब्वे के साथ होने वाली अगली श्रृंखला से पहले नया कप्तान चुन लिया जाएगा।
बकौल जयवर्धने, "श्रीलंका क्रिकेट के हित के बारे में सोचते हुए मैंने पाकिस्तान दौरे के बाद कप्तानी छोड़ने का फैसला कर लिया है। मैं इस संबंध में काफी समय से सोच रहा था। मेरा मानना है कि मेरे बाद कप्तानी संभालने वाले व्यक्ति को 2011 विश्व कप के लिहाज से टीम तैयार करने के लिए कम से कम 18 महीने का वक्त मिल जाएगा। एक खिलाड़ी के तौर पर मैं टीम के साथ ही रहूंगा, लिहाजा इस काम में मैं भी उसकी मदद करूंगा।"
जयवर्धने के इस प्रस्ताव के बाद टीम के मौजूदा उपकप्तान कुमार संगकारा कप्तान पद के सबसे बड़े उम्मीदवार के रूप में उभरे हैं। जयवर्धने और संगकारा में बहुत अच्छी दोस्ती है, लिहाजा वह संगकारा को ही नया कप्तान बनाए जाने की वकालत करेंगे।
इस संबंध में जयवर्धने कहा, "मैं समझता हूं कि संगकारा में एक सफल कप्तान के सभी गुण हैं। क्रिकेट के प्रति उनका ज्ञान और टीम के प्रति उनका समर्पण अतुलनीय है। वह एक कुशल उपकप्तान की भूमिका निभाते रहे हैं। उनके फैसले टीम के लिए फायदेमंद रहे हैं, लिहाजा उन्हें यह जिम्मेदारी देने में कोई हर्ज नहीं। उनके नेतृत्व में टीम निश्चित तौर पर विकास करेगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications