पाकिस्तान के समाचार पत्र 'द न्यूज' ने खबर दी है कि सिंध उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए पीसीबी ने इन खिलाड़ियों को घरेलू क्रिकेट में खेलने की अनुमति दे दी है और अब आने वाले दिनों में उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए राष्ट्रीय टीम में भी शामिल करने की घोषणा की जा सकती है।
उच्च न्यायलय के आदेश के बाद खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय टीम में भी खेलने का अधिकार दिए जाने के संबंध में अलग से एक याचिका दायर की है।
पीसीबी ने कहा कि वह इस मामले में अपने पूर्व फैसले पर अभी भी अडिग है लेकिन अगर न्यायालय ने खिलाड़ियों के पक्ष में फैसला सुनाया तो वह उसे मानने पर मजबूर होगा।
पत्र के मुताबिक पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट जल्द ही न्यायालय में बोर्ड का पक्ष रखेंगे। पाकिस्तान के 21 बागी खिलाड़ियों ने न्यायालय से अंतर्राष्ट्रीय मैचों के लिए टीम में शामिल होने का अधिकार मांगा है।
पीसीबी अध्यक्ष ने हाल ही में वरिष्ठ बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ को आईसीएल से नाता तोड़कर राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने का न्योता दिया था। इस लिहाज से दूसरे खिलाड़ी भी अपनी वापसी को लेकर आशान्वित हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।