पीसीबी को मंजूर है आसिफ पर लगाया गया प्रतिबंध
पीसीबी प्रमुख एजाज बट्ट ने कहा, "आईपीएल का यह फैसला उचित है। आसिफ हमारे महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। उन पर लगा प्रतिबंध हमें स्वीकार है और साथ ही हम आशा करते हैं कि प्रतिबंध समाप्त होने के बाद वह एक बार फिर से राष्ट्रीय टीम के लिए खेल सकेंगे। मैं आशा करता हूं कि आसिफ ने अपनी गलती से काफी कुछ सीखा होगा।"
उल्लेखनीय है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) समर्थित ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट आईपीएल ने बुधवार को टूर्नामेंट के पहले संस्करण के दौरान प्रतिबंधित दवाओं के सेवन का दोषी पाए जाने वाले आसिफ पर एक साल का प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है।
आईपीएल के मुताबिक आसिफ पर लगाया गया प्रतिबंध पिछले साल 22 सितंबर से लागू होगा। पिछले साल सितंबर में ही आईपीएल ने आसिफ पर आरोप तय किए थे। इस लिहाज से वह 21 सितंबर, 2009 के बाद पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम में शामिल होने के योग्य हो जाएंगे।
आसिफ को पिछले साल मई में आयोजित आईपीएल के पहले संस्करण के दौरान प्रतिबंधित शक्तिवर्धक मादक पदार्थ नेंड्रोलोन के सेवन का दोषी पाया गया था।
आसिफ ने हालांकि अपनी सफाई में कहा कि उन्होंने जिस आई-ड्रॉप (आंख की दवा) का उपयोग किया था, उसके माध्यम से उनके शरीर में नेंड्रोलोन का अंश पहुंचा था, लेकिन आईपीएल के न्यायाधिकरण ने उनकी इस दलील को खारिज कर दिया था।
आसिफ दुबई हवाई अड्डे पर अफीम के साथ पकड़े जाने के मामले में पहले से ही पीसीबी द्वारा लगाया गया प्रतिबंध झेल रहे हैं। आसिफ आईपीएल में दिल्ली की डेअर डेविल्स टीम के लिए खेले थे, हालांकि इस साल वह आईपीएल में हिस्सा नहीं ले रहे हैं। आईपीएल न्यायाधिकरण के सामने पेश होने से कुछ दिन पहले ही उन्होंने इस प्रतियोगिता से अपना नाम वापस ले लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
- Male
- Female
- Others
- Under 18
- 18 to 25
- 26 to 35
- 36 to 45
- 45 to 55
- 55+


Click it and Unblock the Notifications