क्लब की आधिकारिक वेबसाइट 'चेल्सी एफसी डॉट कॉम' के मुताबिक हिडिंक शनिवार को वॉटफोर्ड में खेले जाने वाले एफए कप मुकाबले में क्लब के साथ अपनी नई भूमिका की शुरुआत करेंगे। इंग्लिश प्रीमियर लीग में चेल्सी फिलहाल चौैथे स्थान पर है। चैंपियंस लीग और एफए कप में भी उसकी चुनौती बरकरार है।
क्लब की वेबसाइट के मुताबिक, "रूस के कोच हिडिंक को अपना प्रबंधक नियुक्त करते हुए क्लब को प्रसन्नता हो रही है। हिडिंक इस सत्र के अंत तक के लिए हमारे साथ जुड़ रहे हैं। उनका कार्यकाल तीन महीने का होगा। इस सप्ताह वह क्लब के खिलाड़ियों से मिलेंगे।"
उल्लेखनीय है कि चेल्सी ने अपने अनुबंधित कोच लुइस फिलिप स्कोलारी को सोमवार को बर्खास्त कर दिया था। आने वाली प्रतियोगिताओं में अपनी चुनौती बनाए रखने के लिए क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविक ने स्कोलारी को बर्खास्त करने का फैसला किया।
ब्राजील को विश्व कप में खिताबी जीत दिला चुके स्कोलारी चेल्सी के साथ सिर्फ सात महीने ही रह सके। उनकी नियुक्ति पिछले साल जून में हुई थी। हैरानी की बात यह है कि एक साल के भीतर चेल्सी ने तीसरे प्रबंधक को बर्खास्त किया है।
स्कोलारी ने चेल्सी के साथ तीन साल का करार किया था। इस करार के बदले चेल्सी ने इस विश्व विजेता कोच को मुंहमांगी राशि दी थी। समय से पहले बर्खास्त करने के कारण चेल्सी को स्कोलारी को भारी हर्जाना देना पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।