आस्ट्रेलिया के समाचार पत्र 'डेली टेलीग्राफ' के मुताबिक एहतियात के तौर पर क्लार्क ने गुरुवार को अभ्यास नहीं किया। पांच मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 2-2 की बराबरी पर हैं।
कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि क्लार्क ने स्वेच्छा से अभ्यास सत्र से दूर रहने का फैसला किया। उन्हें पूरा आराम दिया जा रहा है, जिससे कि वह शुक्रवार को पारी की शुरुआत करने की स्थिति में आ सकें।
पोंटिंग ने कहा, "क्लार्क की पीठ में अभी भी थोड़ा दर्द है। वह पांचवें मुकाबले में खेलेंगे या नहीं, इसका फैसला मैच के दिन होने वाले फिटनेस टेस्ट के बाद ही हो सकेगा। अभी इस संबंध में कुछ कहना जल्दबाजी हो सकती है।"
क्लार्क के फिटनेस टेस्ट में नाकाम होने की स्थिति में जेम्स होप्स को पारी की शुरुआत करनी पड़ सकती है। इसके अलावा क्लार्क के नहीं खेलने से खाली हुए स्थान को भरने के लिए एडम वोग्स को टीम में शामिल किया जा सकता है। पोंटिंग ने हालांकि तेज गेंदबाज पीटर सिडल को मौका दिए जाने की बात कही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।