गुरुवार को चेल्सी के मालिक रोमन अब्रामोविक द्वारा अपने सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान चेल्सी के साथ-साथ रूस की टीम के प्रबंधक का काम संभालने वाले हिडिंक ने कहा, "हम अभी प्रीमियर लीग में चौथे स्थान पर हैं लेकिन हम अंतिम दौर तक पहुंचते-पहुंचते शीर्ष पर चल रहे मैनचेस्टर युनाइटेड को पछाड़ने की कोशिश करेंगे।"
उन्होंने कहा, "हमारा प्रयास खिताब जीतने का होगा। इसके अलावा हम एफए कप और चैंपियंस लीग खिताब पर भी नजर लगाए हुए हैं। हमारे खिलाड़ी इसके लिए तैयार हैं। आने वाले दिनों में हम इसे साबित करने की कोशिश करेंगे।"
उल्लेखनीय है कि चेल्सी ने अपने अनुबंधित कोच लुइस फिलिप स्कोलारी को सोमवार को बर्खास्त कर दिया था। आने वाली प्रतियोगिताओं में अपनी चुनौती बनाए रखने के लिए क्लब के मालिक रोमन अब्रामोविक ने स्कोलारी को बर्खास्त कर हिडिंक को कोच नियुक्त किया।
ब्राजील को विश्व कप में खिताबी जीत दिला चुके स्कोलारी चेल्सी के साथ सिर्फ सात महीने ही रह सके। उनकी नियुक्ति पिछले साल जून में हुई थी। हैरानी की बात यह है कि एक साल के भीतर चेल्सी ने तीसरे प्रबंधक को बर्खास्त किया है।
स्कोलारी ने चेल्सी के साथ तीन साल का करार किया था। इस करार के बदले चेल्सी ने इस विश्व विजेता कोच को मुंहमांगी राशि दी थी। समय से पहले बर्खास्त करने के कारण चेल्सी को स्कोलारी को भारी हर्जाना देना पड़ सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।