स्थानीय समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक समिति की अगुवाई पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान आमिर सुहेल करेंगे। सुहेल ने कहा, "यह खेल मंत्रालय का फैसला है और समिति ओवल टेस्ट विवाद की असल वजहों को जानने की पूरी कोशिश करेगी।"
इस समिति में सुहेल के अलावा पाकिस्तान के पूर्व टेस्ट क्रिकेटर वसीम बारी और सुल्तान राणा एवं पीसीबी के पूर्व प्रमुख तौकीर जिया को शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में ओवल में पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा था लेकिन अंपायर डेरेल हेयर के विवादास्पद फैसले की वजह से पाकिस्तान क्रिकेट टीम के तत्कालीन कप्तान इंजमाम-उल-हक अपनी टीम को मैदान से बहार लेकर चले गए थे।
इंजमाम के इस फैसले के बाद मैच का परिणाम इंग्लैंड के पक्ष में घोषित कर दिया गया था। परंतु पिछले वर्ष जुलाई में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इस मैच के नतीजे को ड्रा में तब्दील कर दिया। इस बीच पिछले महीने पर्थ में आईसीसी की बैठक में एक बार फिर इस मैच के परिणाम को इंग्लैंड के पक्ष मे कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।