पेस और डुल्ही ने रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में आस्ट्रिया के जूलियन नोल और इजरायल के एंडी रैम को 6-2, 7-6(4) से पराजित किया।
पेस-डुल्ही की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी ने नोल और रैम की छठी वरीयता प्राप्त जोड़ी को 73 मिनट में पराजित कर दिया। इस जोड़ी ने तीन बार अपने प्रतिद्वंद्वियों की सर्विस ब्रेक की।
पेस-डुल्ही इस सत्र में पहली बार किसी एटीपी प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचे हैं। पिछले महीने भारत में खेली गई चेन्नई ओपन में यह जोड़ी पहली ही दौर में हार गई थी, हालांकि इसके बाद इस जोड़ी ने साल के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन में सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था।
फाइनल में पेस-डुल्ही का सामना कनाडा के डेनियल नेस्टर और सर्बिया के नेनाद जिमोनजिक की जोड़ी से होगा, जिसने दूसरे सेमीफाइनल में थॉमस बेरड्रिक और जुर्गेन मेलजर की मौजूदा चैंपियन जोड़ी को 6-3, 6-2 से हराया।
उधर, टूर्नामेंट के पुरुषों के एकल वर्ग का खिताबी मुकाबला विश्व के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त टेनिस खिलाड़ी स्पेन के राफेल नडाल और ब्रिटेन के एंडी मरे के बीच खेला जाएगा।
नडाल ने पहले सेमीफाइनल मुकाबले में फ्रांस के गेल मोनफिल्स को लगातार सेटों में 6-4, 6-4 से हराया जबकि मरे ने दूसरे सेमीफाइनल में क्रोएशिया के मारियों एंकिच को 6-1, 6-2 से पराजित किया।
नडाल को इस साल अब तक केवल मोनफिल्स से ही हार मिली है। पिछले महीने कतर में आयोजित कतर ओपन के क्वार्टर फाइनल में मोनफिल्स ने नडाल का विजय अभियान रोक दिया था।
मैच के बाद नडाल ने कहा, "मैंने जानता हूं कि मोनफिल्स आज लय में नहीं थे। उन्हें हराना इतना आसान नहीं। वह इस हार से खुश नहीं होंगे लेकिन मैं इस जीत से खुश हूं। मेरे लिए यह खिताब जीतना खास होगा।"
मरे ने महज 24 मिनट में ही पहला सेट जीतकर दूसरे सेट में भी अपनी लय बरकरार रखी और वर्ष के दूसरे खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाए। मरे ने पिछले महीने दोहा में खिताबी जीत दर्ज की थी।
विश्व के चौथे वरीयता प्राप्त खिलाड़ी मरे अपने करियर के 10वें खिताब के लिए इस साल के आस्ट्रेलियन ओपन विजेता नडाल के साथ दो-दो हाथ करेंगे। मरे ने वर्ष 2008 में पांच खिताब जीते थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।