भारतीय टीम ने पिछले वर्ष आस्ट्रेलिया दौरा किया था, जहां पांच मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में उसे 0-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी थी। भारतीय टीम ने हालांकि उसके बाद से कोई अंतर्राष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।
झुलन ने वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' से बातचीत के दौरान कहा, "लंबे समय से अंतर्राष्ट्रीय मैचों से दूर रहने से हमें नुकसान उठाना पड़ सकता है। हमें संतोष इस बात का है कि अगले महीने जब हम आस्ट्रेलिया पहुंचेंगी, तब सिडनी का माहौल हमारे लिए नया नहीं होगा। इसी मैदान पर हमने पिछली श्रृंखला के पांचों मैच खेले थे और विश्व कप में हमारे मैच इसी मैदान पर खेले जाने हैं।"
कप्तान ने कहा कि विश्व कप में उनकी टीम के लिए बल्लेबाजी चिंता का विषय है। पिछले साल एशिया कप जीतने के बाद से ही भारतीय बल्लेबाजी लय में नहीं लौट सकी है।
उन्होंने कहा, "हमें अपनी बल्लेबाजी सुधारनी होगी। हमारी टीम में पूनम राउत, हरमनप्रीत कौर और श्रावंती नायडु जैसी तीन नई बल्लेबाज हैं। इन्हें समय के साथ ढलना होगा क्योंकि विदेशी धरती में हमारे लिए माहौल के साथ तालमेल बनाना सबसे बड़ी चुनौती होगी।"
भारतीय टीम 2005 विश्व कप का फाइनल खेल चुकी है। विश्व कप की तैयारियों के लिए उसने जनवरी में बेंगलुरू स्थिति राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
भारतीय टीम को मुंबई में एक बार फिर प्रशिक्षण शिविर में हिस्सा लेना है। यह शिविर 19 से 28 फरवरी तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद टीम एक मार्च को आस्ट्रेलिया रवाना हो जाएगी। भारतीय टीम का पहला मैच सात मार्च को पाकिस्तान के साथ होगा।
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।