सानिया ने सोमवार को जारी सूची के मुताबिक एकल रैंकिंग में 39 स्थान की महत्वपूर्ण छलांग लगाई है। वह 87वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
पट्टाया ओपन से सानिया ने 200 डब्ल्यूटीए अंक हासिल किए थे, हालांकि वह अपने करियर का दूसरा डब्ल्यूटीए खिताब जीतने से चूक गई थीं। फाइनल में रूस की खिलाड़ी वेरा ज्योनारेवा ने उन्हें पराजित किया था।
कलाई की चोट के कारण लंबे समय से टेनिस से दूर रहीं सानिया एकल रैंकिंग में 126वें क्रम तक खिसक गई थीं। इससे पहले अगस्त 2007 में वह अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ मुकाम 27वीं रैंकिंग तक पहुंचीं थीं।
पट्टाया ओपन के युगल वर्ग के सेमीफाइनल तक का रास्ता तय करने वाली सानिया को युगल रैंकिंग में भी ्रफायदा हुआ है। वह सात स्थान की छलांग के साथ 63वें पायदान पर पहुंच गई हैं।
पुरुषों के वर्ग में, भारत के सर्वोच्च वरीयता प्राप्त खिलाड़ी सोमदेव देवबर्मन एक स्थान की छलांग के साथ 154वें क्रम पर पहुंच गए हैं जबकि प्रकाश अमृतराज को भी एक स्थान का फायदा हुआ है। वह 198वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इसी तरह रोहन बोपन्ना को भी चार स्थान का फायदा हुआ है। वह 321वें क्रम पर हैं।
युगल वर्ग में भारत के दो दिग्गज खिलाड़ी महेश भूपति और लिएंडर पेस क्रमश: पांचवें और सातवें स्थान पर कायम हैं। भूपति और पेस पिछले हफ्ते भी इसी क्रम पर कायम थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।