हेडन ने सिडनी मैदान पर आखिरी मैच खेलने के कप्तान रिकी पोंटिंग के प्रस्ताव को बड़े शालीन अंदाज में ठुकरा दिया था लेकिन अब उनके साथियों ने उन्हें विशेष अंदाज में विदाई देने का कार्यक्रम बनाया है।
रविवार को सिडनी मैदान पर जो रात्रि ट्वेंटी-20 मैच खेला जाएगा, उसमें हेडन के साथी रहे पूर्व कप्तान स्टीव वॉ, मार्क टेलर और ग्लेन मैक्ग्राथ भी खेलेंगे। इस मैच से होने वाली आय को विक्टोरिया प्रांत के जंगलों में लगी आग से प्रभावित हुए लोगों के बीच वितरित किया जाएगा।
हेडन ने सिडनी में दक्षिण अफ्रीका के साथ खेले गए टेस्ट मैच के बाद अचानक ही अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला किया था। इससे उन्हें विधिवत ढंग से विदाई नहीं मिल सकी थी।
रविवार को होने वाले सहायतार्थ मैच के टिकट हाथों-हाथ बिक चुके हैं। इस मैच से पांच लाख डॉलर जुटाए जाने का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।