भारतीय टीम को 6-8 मार्च तक चीनी ताइपे के साथ खेलना है। यह पहला मौका है जब भारत और चीनी ताइपे की टीमें डेविस कप में आमने-सामने होंगी।
पूर्व डेविस कप खिलाड़ी एस.पी. मिश्र को टीम का गैर-खिलाड़ी कप्तान बनाए रखा गया है जबकि लिएंडर पेस, महेश भूपति और सोमदेव देवबर्मन टीम के अन्य सदस्य हैं।
बोपन्ना पिछले साल टीम से हटा दिए गए थे। सोमदेव ने उनका स्थान लिया था। इस साल प्रकाश अमृतराज द्वारा खाली की गई जगह की भरपाई के लिए एक बार फिर से वह टीम में स्थान बनाने में कामयाब रहे हैं।
विदेश में रह रहे होने के कारण प्रकाश अब डेविस कप में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाएंगे।
सनम को इस साल आयोजित यूएस इंटरकॉलेजिएट टेनिस एसोसिएशन (आईटीए) राष्ट्रीय टीम इंडोर टेनिस चैंपियनशिप के दौरान सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। इसी कामयाबी ने उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह दिलाई।
सनम ने काफी समय अमेरिका में बिताया है। वह जूनियर स्तर पर काफी अच्छा प्रदर्शन कर चुके हैं। जूनियर वर्ग में वह चौथी वरीयता तक पहुंच चुके हैं। साथ ही उन्होंने जूनियर वर्ग में चारों ग्रैंड स्लैम प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया है।
भारतीय टीम में शामिल पांच खिलाड़ी : लिएंडर पेस, महेश भूपति, सोमदेव देवबर्मन, रोहन बोपन्ना और सनम सिंह।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।