न्यूजीलैंड के समाचार पत्र 'द डोमिनियन पोस्ट' के साथ बातचीत में राइट ने कहा, "धोनी ने कई बड़े खिलाड़ियों की मौजूदगी में भी भारतीय टीम का बेहद ही शानदार ढंग से नेतृत्व किया है। भारतीय टीम की कप्तानी एक चुनौतीपूर्ण दायित्व है क्योंकि हर पल आप पर लोगों की नजर रहती है, परंतु धोनी ने इन सबके बीच बेहतरीन कप्तानी की है।"
पिछले न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टीम के कोच रहे राइट ने कहा कि उनके समय की तुलना में धोनी की टीम ज्यादा मजबूत हुई है और इसकी गेंदबाजी भी कहीं ज्यादा संतुलित है।
राइट ने भारतीय टीम के तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, "भारत को ईशांत को लेकर ढेरों उम्मीदें रखनी चाहिए। हमने अब तक उन्हें ज्यादातर भारतीय उपमहाद्वीप में ही खेलते देखा है लेकिन इंग्लैंड और न्यूजीलैंड की पिचों पर गेंदबाजी करना कहीं मुश्किल होता है।"
न्यूजीलैंड टीम के कप्तान रह चुके राइट ने अनुभवी गेंदबाज जहीर खान और नवोदित स्पिन गेंदबाज अमित मिश्र की भी तारीफ की।
इसके साथ ही राइट ने भारतीय टीम के सबसे अनुभवी बल्लेबाज मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बारे में कहा, "वह खास तरह के खिलाड़ी हैं और उन्हें यहां खेलते देखना सुखद अनुभव होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**