शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद पहले संवाददाता सम्मेलन में धोनी ने कहा, "हम जानते हैं कि हमारे अधिकांश खिलाड़ी न्यूजीलैंड में कभी नहीं खेले हैं। यहां के माहौल में ढलना हमारे लिए चुनौती की तरह है। इसे लेकर हम सावधान हैं लेकिन कुल मिलाकर हम अपने तेज गेंदबाजों के बूते श्रृंखला जीतने की कोशिश करेंगे।"
धोनी ने कहा कि उनके गेंदबाज जहां स्विंग लेने वाली पिचों पर हावी होने का प्रयास करेंगे, वहीं उनके बल्लेबाजों की कोशिश अच्छी पिचों पर ढेर सारे रन बटोरने की होगी।
धोनी ने हालांकि कहा कि हाल ही में आस्ट्रेलिया के साथ एकदिवसीय श्रृंखला खेलने के कारण पांच मैचों की श्रृंखला के दौरान न्यूजीलैंड का पलड़ा थोड़ा भारी रहेगा।
बकौल धोनी, "न्यूजीलैंड की टीम ने आस्ट्रेलिया में अच्छा खेल दिखाया है। इससे उन्हें इस श्रृंखला में फायदा मिलेगा। हमने भी श्रीलंका में अच्छा प्रदर्शन किया है, इस लिहाज से हमारी भिड़ंत रोचक होगी।"
इससे पहले, शुक्रवार को 47 दिनों के दौरे के लिए क्राइस्टचर्च पहुंचने के साथ ही बारिश ने भारतीय खिलाड़ियों का स्वागत किया।
गुरुवार को मुंबई से उड़ान भरने वाले भारतीय खिलाड़ी हांगकांग और ऑकलैंड होते हुए क्राइस्टचर्च पहुंचे। उन्हें लगभग 27 घंटे की उड़ान के बाद जमीन नसीब हुई। यात्रा के दौरान भारतीय टीम ने कुछ समय हांगकांग में भी बिताया।
न्यूजीलैंड में भारतीय टीम तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के अतिरिक्त पांच एकदिवसीय और दो ट्वेंटी-20 मैच खेलेगी। भारतीय टीम के सामने न्यूजीलैंड में पहली बार एकदिवसीय श्रृंखला जीतने की चुनौती होगी।
भारतीय टीम अपने दौरे की शुरुआत 25 फरवरी को क्राइस्टचर्च के एएमआई स्टेडियम में खेले जाने वाले ट्वेंटी मुकाबले से करेगी।
एकदिवसीय श्रृंखला का पहला मैच तीन मार्च को नेपियर के मैक्लीन पार्क में खेला जाएगा जबकि टेस्ट श्रृंखला की शुरुआत 18-22 मार्च तक हेमिल्टन के सिडन पार्क में होने वाले मैच से होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।