कराची, 20 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान माहेला जयवर्धने ने कहा है कि शनिवार से नेशनल स्टेडियम में खेला जाने वाला पहला टेस्ट मैच जीतकर उनकी टीम पाकिस्तान पर बढ़त कायम करने में सफल रहेगी।
दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के बाद कप्तानी से इस्तीफा देने का फैसला कर चुके जयवर्धने ने शुक्रवार को कहा, "हम टेस्ट मैचों में अपने अच्छे प्रदर्शन का क्रम बरकरार रखेंगे। हमारा लक्ष्य पहला टेस्ट मैच जीतकर बढ़त कायम करने का होगा।"
मेहमान कप्तान ने हालांकि अपने साथियों को पाकिस्तानी टीम में शामिल कुछ अनुभवी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से सावधान रहने के लिए कहा।
उन्होंने कहा, "दोनों टीमों में कुछ बेहतरीन खिलाड़ी हैं। मैं मानता हूं कि मुकाबला कांटे का होगा। पाकिस्तानी टीम में कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनसे हमें विशेष तौर पर सावधान रहने की जरूरत है। वैसे भी पाकिस्तान को उसके घर में हराना किसी चुनौती से कम नहीं लेकिन हम इस चुनौती पर विजय पाने की कोशिश करेंगे।"
श्रीलंकाई टीम अगर पाकिस्तान को इस श्रृंखला में हराने में सफल रहती है तो जयवर्धने की कप्तान में पाकिस्तान की धरती पर यह उसकी पहली जीत होगी। इस श्रृंखला के माध्यम से जयवर्धने टेस्ट मैचोंे में 8,000 रन पूरा करने की कोशिश करेंगे। इसके लिए उन्हें 41 रनों की आवश्यकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।