कराची, 21 फरवरी (आईएएनएस)। श्रीलंकाई खेल मंत्री जैमिनी लोकुज ने शनिवार को कहा है कि पाकिस्तान खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए सुरक्षित है।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के निमंत्रण पर यहां आए लोकुज ने कहा कि श्रीलंकाई सरकार ने क्रिकेट टीम की सुरक्षा के मामले में पाकिस्तान पर भरोसा किया है।
उन्होंने कहा, "हम यहां इस यकीन के साथ आए हैं कि सुरक्षा संबंधी कोई समस्या नहीं होगी। अब जबकि हमारी टीम यहां खेल रही है कोई यह नहीं कह सकता कि हम सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा नहीं कर सकते।"
उल्लेखनीय है कि श्रीलंकाई क्रिकेट टीम इस समय पाकिस्तान के दौरे पर है। यहां उसे दो टेस्ट मैच खेलने हैं। पहला टेस्ट मैच आज स्थानीय नेशनल स्टेडियम पर शुरू भी हो गया।
मंत्री ने कहा कि बम विस्फोट दुनिया में कहीं भी हो सकते हैं और वे हमारे देश में भी होते हैं लेकिन खिलाड़ियों को कभी निशाना नहीं बनाया जाता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।