पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक पाकिस्तान के खिलाफ बतौर कप्तान अपनी आखिरी टेस्ट श्रृंखला खेलने जा रहे जयवर्धने ने कहा कि उन्हें कप्तानी जाने का कोई पछतावा नहीं है। उन्होंने कहा, "मैंने कप्तानी का पूरी तरह से लुत्फ उठाया और फिलहाल अगले दो टेस्ट मैचों पर ध्यान दे रहा हूं। आप कप्तान न होते हुए भी नेतृत्व प्रदान कर सकते हैं।"
खराब फार्म में होने के सवाल पर जयवर्धने ने कहा, "लोग फार्म को इस बात से जोड़ते हैं कि आपने कितने रन बनाए। परंतु मेरे लिए फार्म का मतलब यह है कि मैं गेंद को किस तरह से खेल रहा हूं। मैं नेट्स में गेंद को अच्छी तरह से खेल रहा हूं।"
गौरतलब है कि जयवर्धने के फार्म पर सवाल उनके हाल के प्रदर्शन को लेकर उठ रहे हैं। वह पिछले 17 एकदिवसीय मैचों में मात्र एक अर्धशतक ही लगा सके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।