कप्तान जयवर्धने ने 339 गेंदों का सामना करते हुए 24 चौके लगाए हैं जबकि समरवीरा ने अपनी 238 गेंदों की पारी में 25 चौके जड़े हैं। दोनों ने चौथे विकेट के लिए अब तक 328 रनों की नाबाद साझेदारी को अंजाम दिया है।
श्रीलंका की टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 406 रन बनाए थे। जयवर्धने 136 और समरवीरा 130 रनों पर नाबाद लौटे थे।
इससे पहले, सलामी बल्लेबाज मेलिंडा वर्नपुरा ने 48 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 59 रन बनाए थे जबकि कुमार संगकारा ने 104 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 70 रनों की शानदार पारी खेली थी।
अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज थरंगा पानाविताना हालांकि खाता नहीं खोल सके। पाकिस्तान की ओर से उमर गुल, यासिर अराफात और दानिश कनेरिया ने एक-एक विकेट लिए हैं।
अपनी शतकीय पारी के दौरान 41 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पहुंचने के साथ ही श्रीलंकाई कप्तान ने टेस्ट मैचों में 8000 रन पूरे कर लिए।
जयवर्धने ने 101 टेस्ट मैचों की 165 पारियों में 13 बार नाबाद रहते हुए 53.57 के औसत से 8144 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 344 रन रहा है। उन्होंने अब तक 25 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।