पाकिस्तान के साथ नेशनल स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन रविवार को जयवर्धने (नाबाद 240) और समरवीरा (नाबाद 219) ने चौथे विकेट के लिए 412 रन बनाने के साथ 52 साल पुराना रिकार्ड अपने नाम कर लिया।
श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के पीबीएच मेयर और कोलिन काउड्रे द्वारा 1957 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बर्मिघम में बनाया गया 411 रनों का रिकार्ड तोड़ दिया।
तीसरे स्थान पर गैरी सोबर्स और फ्रैंक वॉरेल की जोड़ी है, जिसने 1960 में ब्रिजटाउन में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे विकेट के लिए 399 रन जोड़े थे।
बहरहाल, जयवर्धने और समरवीरा की नायाब पारियों की बदौलत श्रीलंका ने दूसरे दिन चायकाल तक अपनी पहली पारी में तीन विकेट के नुकसान पर 608 रन बना लिए हैं।
कप्तान जयवर्धने ने 422 गेंदों का सामना करते हुए 32 चौके लगाए हैं जबकि समरवीरा ने अपनी 309 गेंदों की पारी में 30 चौके जड़े हैं।
श्रीलंका की टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 406 रन बनाए थे। जयवर्धने 136 और समरवीरा 130 रनों पर नाबाद लौटे थे।
इससे पहले, सलामी बल्लेबाज मेलिंडा वर्नपुरा ने 48 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 59 रन बनाए थे जबकि कुमार संगकारा ने 104 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 70 रनों की शानदार पारी खेली थी।
अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज थरंगा पानाविताना हालांकि खाता नहीं खोल सके। पाकिस्तान की ओर से उमर गुल, यासिर अराफात और दानिश कनेरिया ने एक-एक विकेट लिए हैं।
अपनी शतकीय पारी के दौरान 41 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पहुंचने के साथ ही श्रीलंकाई कप्तान ने टेस्ट मैचों में 8000 रन पूरे कर लिए।
जयवर्धने ने 101 टेस्ट मैचों की 165 पारियों में 13 बार नाबाद रहते हुए 53.94 के औसत से 8199 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 344 रन रहा है। उन्होंने अब तक 25 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।