श्रीलंका की ओर से कप्तान जयवर्धने ने सर्वाधिक 240 रन बनाए जबकि समरवीरा ने 231 रनों की नायाब पारी खेली। दोनों ने टेस्ट मैचों में चौथे विकेट के लिए सर्वोच्च साझेदारी का विश्व रिकार्ड अपने नाम कर लिया।
जयवर्धने और समरवीरा ने चौथे विकेट के लिए 437 रन बनाए। उन्होंने इस विकेट के लिए बनाए गए 411 रनों के 52 साल पुराने रिकार्ड को तोड़ दिया।
श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने इंग्लैंड के पीटर मे और कोलिन काउड्रे द्वारा 1957 में वेस्टइंडीज के खिलाफ बर्मिघम में बनाया गया रिकार्ड तोड़ा।
चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी निभाने वालों की सूची में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के गैरी सोबर्स और फ्रैंक वॉरेल की जोड़ी है, जिसने 1960 में ब्रिजटाउन में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे विकेट के लिए 399 रन जोड़े थे।
जयवर्धने ने अपनी पारी में 424 गेंदों का सामना करते हुए 32 चौके लगाए जबकि समरवीरा ने अपनी 318 गेंदों की पारी में 31 चौके जड़े। टेस्ट मैचों में यह समरवीरा का सर्वोच्च स्कोर है।
श्रीलंका की टीम ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक तीन विकेट के नुकसान पर 406 रन बनाए थे। जयवर्धने 136 और समरवीरा 130 रनों पर नाबाद लौटे थे।
सलामी बल्लेबाज मेलिंडा वर्नपुरा ने 48 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 59 रन बनाए थे जबकि कुमार संगकारा ने 104 गेंदों पर नौ चौकों की मदद से 70 रनों की शानदार पारी खेली थी। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज थरंगा पानाविताना हालांकि खाता नहीं खोल सके।
अपनी शतकीय पारी के दौरान 41 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर पहुंचने के साथ ही श्रीलंकाई कप्तान ने टेस्ट मैचों में 8000 रन पूरे कर लिए। जयवर्धने ने 101 टेस्ट मैचों की 165 पारियों में 13 बार नाबाद रहते हुए 53.94 के औसत से 8201 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 344 रन रहा है। उन्होंने अब तक 26 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं।
पाकिस्तान की ओर से स्पिन गेंदबाज दानिश कनेरिया ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए जबकि पूर्व कप्तान शोएब मलिक दो और यासिर अराफात तथा उमर गुल को एक-एक सफलता मिली।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।