कप्तान यूनुस खान 93 गेंदों पर सात चौकों की मदद से 46 रन बनाकर खेल रहे हैं जबकि पूर्व कप्तान शोएब मलिक 19 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 45 रनों की साझेदारी निभाई है।
मैच के दूसरे दिन 44 रन के कुल योग पर एक विकेट गंवाने वाली पाकिस्तानी टीम ने तीसरे दिन का एकमात्र विकेट अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज खुर्रम मंसूर का गंवाया।
दूसरे दिन 18 रन बनाकर नाबाद लौटे खुर्रम 98 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाकर असंथा मेंडिस के शिकार हुए।
पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज सलमान बट्ट के रूप में गंवाया था। बट्ट ने 23 रन बनाए थे। उनका विकेट मुथैया मुरलीधरन के खाते में गया था।
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने कप्तान माहेला जयवर्धने (240) और थिलन समरवीरा (231) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई रिकार्डतोड़ साझेदारी की बदौलत अपनी पहली पारी सात विकेट पर 644 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।