यूनुस ने 195 गेंदों का सामना करते हुए 11 चौके लगाए हैं जबकि शोएब ने 144 गेंद खेलकर छह चौके जड़े हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 135 रनों की अटूट साझेदारी को अंजाम दिया है। यूनुस ने 191 गेंदों पर शतक लगाया। यह उनके करियर का 16वां शतक है।
मैच के दूसरे दिन 44 रन के कुल योग पर एक विकेट गंवाने वाली पाकिस्तानी टीम ने तीसरे दिन का एकमात्र विकेट अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे सलामी बल्लेबाज खुर्रम मंसूर के रूप में गंवाया। दूसरे दिन 18 रन बनाकर नाबाद लौटे खुर्रम 98 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाकर असंथा मेंडिस के शिकार हुए।
पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज सलमान बट्ट के रूप में गंवाया था। बट्ट 23 रन बनाए थे। उनका विकेट मुथैया मुरलीधरन के खाते में गया था। मुरली ने उन्हें कप्तान माहेला जयवर्धने के हाथों कैच कराया था।
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने जयवर्धने (240) और थिलन समरवीरा (231) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई रिकार्डतोड़ साझेदारी की बदौलत अपनी पहली पारी सात विकेट पर 644 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।