मैच के तीसरे दिन सोमवार का खेल खत्म होने तक पाकिस्तानी टीम ने अपनी पहली पारी में तीन विकेट पर 296 रन बना लिए हैं।
यूनुस ने अपनी कप्तानी पारी के दौरान 282 गेंदों का सामना करते हुए 17 चौके लगाए हैं जबकि शोएब ने 168 गेंद खेलकर सात चौके जड़े। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 146 रनों की साझेदारी निभाई। यूनुस ने 191 गेंदों पर शतक लगाया। यह उनके करियर का 16वां शतक है। शोएब का विकेट 227 रन के कुल योग पर गिरा। वह मुथैया मुरलीधरन द्वारा रन आउट किए गए।
मैच के दूसरे दिन 44 रन के कुल योग पर एक विकेट गंवाने वाली पाकिस्तानी टीम ने तीसरे दिन अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज खुर्रम मंसूर के रूप में गंवाया। दूसरे दिन 18 रन बनाकर नाबाद लौटे खुर्रम 98 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 रन बनाकर असंथा मेंडिस के शिकार हुए।
पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट सलामी बल्लेबाज सलमान बट्ट के रूप में गंवाया था। बट्ट 23 रन बनाए थे। उनका विकेट मुरलीधरन के खाते में गया। मुरली ने उन्हें कप्तान माहेला जयवर्धने के हाथों कैच कराया था।
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने जयवर्धने (240) और थिलन समरवीरा (231) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई रिकार्डतोड़ साझेदारी की बदौलत अपनी पहली पारी सात विकेट पर 644 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।