अपनी 510 गेंदों की पारी के दौरान 27 चौकों और चार छक्कों की मदद से 300 रन पूरे करने वाले यूनुस तिहरा शतक लगाने वाले विश्व के 23वें और पाकिस्तान के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं।
पाकिस्तान की ओर से हनीफ मोहम्मद (337) और इंजमाम उल हक (329) ने इससे पहले तिहरा शतक जड़ा है। वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक पारी में 400 (नाबाद) बनाए हैं।
यूनुस (नाबाद 305) की नायाब पारी की बदौलत पाकिस्तान न सिर्फ फालोऑन बचा लिया है बल्कि अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 644 रन बनाने वाली श्रीलंकाई टीम को करारा जवाब भी दे दिया है। पाकिस्तानी टीम को फालोऑन बचाने के लिए 445 रनों की जरूरत थी।
खबर लिखे जाने तक पाकिस्तानी टीम ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 563 रन बना लिए हैं। यूनुस 522 गेंदों पर 27 चौके और चार छक्के लगाकर नाबाद हैं जबकि कामरान अकमल 17 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
तीसरे दिन की समाप्ति पर तीन विकेट पर 296 रन बनाने वाली पाकिस्तानी टीम ने चौथे दिन अपना पहला विकेट मिस्बाह-उल-हक के रूप में गंवाया। मिस्बाह 153 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलने के बाद दिलहारा फर्नाडो की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए।
इसके बाद फैजल इकबाल ने कप्तान के साथ मिलकर अपनी टीम को फालोऑन से बचाते हुए मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। 141 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 57 रन बनाने वाले कमाल का विकेट कप्तान जयवर्धने ने लिया।
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने जयवर्धने (240) और थिलन समरवीरा (231) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई रिकार्डतोड़ साझेदारी की बदौलत अपनी पहली पारी सात विकेट पर 644 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।