चौथे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तानी टीम ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 574 रन बना लिए हैं। यह मैच ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा है, लेकिन यूनुस ने अकेले दम पर लोहा लेते हुए श्रीलंकाई कप्तान माहेला जयवर्धने (240) और थिलन समरवीरा (219) की नायाब पारियों को फीका कर दिया है।
यूनुस ने अपनी 510 गेंदों की पारी के दौरान 27 चौकों और चार छक्कों की मदद से 300 रन पूरा किया। वह तिहरा शतक लगाने वाले विश्व के 23वें और पाकिस्तान के तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं। साथ ही वह बतौर कप्तान तिहरा शतक लगाने वाले पाकिस्तान के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।
पाकिस्तान की ओर से हनीफ मोहम्मद (337) और इंजमाम उल हक (329) ने इससे पहले तिहरा शतक जड़ा है। वेस्टइंडीज के ब्रायन लारा एकमात्र ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने एक पारी में 400 (नाबाद) रन बनाए हैं।
यूनुस की नायाब पारी की बदौलत पाकिस्तान ने न सिर्फ फालोऑन बचा लिया बल्कि अपनी पहली पारी में सात विकेट पर 644 रन बनाने वाली श्रीलंकाई टीम को करारा जवाब भी दे दिया है। पाकिस्तानी टीम को फालोऑन बचाने के लिए 445 रनों की जरूरत थी।
तीसरे दिन की समाप्ति पर तीन विकेट पर 296 रन बनाने वाली पाकिस्तानी टीम ने चौथे दिन अपना पहला विकेट मिस्बाह-उल-हक के रूप में गंवाया। मिस्बाह 153 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 42 रनों की संघर्षपूर्ण पारी खेलने के बाद दिलहारा फर्नाडो की गेंद पर पगबाधा आउट करार दिए गए।
इसके बाद फैजल इकबाल ने कप्तान के साथ मिलकर अपनी टीम को फालोऑन से बचाते हुए मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। 141 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 57 रन बनाने वाले कमाल का विकेट कप्तान जयवर्धने ने लिया।
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई टीम ने जयवर्धने (240) और थिलन समरवीरा (231) के बीच चौथे विकेट के लिए हुई रिकार्डतोड़ साझेदारी की बदौलत अपनी पहली पारी सात विकेट पर 644 रन बनाकर घोषित कर दी थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।