चेतन आनंद, अरविंद भट्ट, आनंद पवार ने बुधवार को खेले गए मुकाबलों में आसान जीत दर्ज की लेकिन अनूप श्रीधर को पहली बाधा पार करने में थोड़ी दिक्कत हुई। श्रीधर को दूसरे दौर में स्थान बनाने के लिए जर्मनी के खिलाड़ी के साथ तीन सेट तक जूझना पड़ा।
दूसरी वरीयता प्राप्त आनंद ने स्वीडन के हेनरी हुर्सकेनेन को 21-6, 21-8 से पराजित किया। दूसरे दौर में उनका सामना मलेशिया के काए बिन यूएह से होगा, जिन्होंने रूस के इवान सोजोनोव को कड़े मुकाबले के बाद 17-21, 21-15, 21-11 से हराया।
नौवीं वरीयता प्राप्त भट्ट ने हॉलैंड के कोएन रिडर को 21-15, 21-13 से हराया। दूसरे दौर में उनकी भिड़ंत लिथुवानिया के के. नेवीकास से होगी, जिन्होंने मलेशिया के खिलाड़ी मोहम्मद आरिफ अब्दुल लतीफ को 21-19, 24-22 से पराजित किया।
पवार ने पहले दौर के मुकाबले में मलेशिया के डरेन लियू को 21-17, 21-19 को हराकर दूसरे दौर में पांचवीं वरीयता प्राप्त ब्रिटिश खिलाड़ी एंड्रयू स्मिथ के साथ भिड़ने की योग्यता हासिल की। स्मिथ ने कनाडा के डेविड श्रनाइडर को 23-25, 21-19, 21-16 से हराया।
तीन भारतीय खिलाड़ी दो सेट में ही जीत हासिल करने में सफल रहे लेकिन 15वीं वरीयता प्राप्त श्रीधर को डेनमार्क के स्वेन इरिक कास्टेन्स को हराने के लिए तीन सेट तक जूझना पड़ा। श्रीधर ने यह मैच 21-16, 16-21,21-15 से जीता।
अगले दौर में श्रीधर का सामना जर्मनी के ही मार्सेल रायटर से होगा, जिन्होंने पहले दौर में डेनमार्क के एमिल विंड को 21-11, 21-7 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।