मैच के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए धोनी ने कहा, "नतीजा यह रहा कि हम हार गए लेकिन हमारा प्रयास सराहनीय था। हमने कुछ गलतियां कीं लेकिन कुल मिलाकर हमने पहले मैच की तुलना में बेहतर खेल दिखाया।"
पहले मैच के बाद बल्लेबाजों की खिंचाई करने वाले भारतीय कप्तान ने शुक्रवार को अपने स्पिनरों की जमकर तारीफ की। बल्लेबाजों को लेकर उन्होंने कुछ खास नहीं कहा लेकिन वह स्पिनरों के प्रदर्शन से खुश नजर आए।
कप्तान ने कहा, "ईशांत पूरी तरह फिट नहीं थे, लिहाजा हम उन पर ज्यादा दबाव नहीं डाल सकते थे। ऐसी स्थिति में स्पिनरों ने जिम्मेदारी का निर्वाह करते हुए अच्छी गेंदबाजी की और मैच को रोमांचक स्थिति तक पहुंचाया। यह अलग बात है कि अंत में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने अच्छा खेल दिखाते हुए मैच जीत लिया।"
दो मैचों की ट्वेंटी-20 श्रृंखला में भारतीय टीम 0-2 से हार गई। क्राइस्टचर्च में बुधवार को खेले गए पहले मैच में न्यूजीलैंड ने उसे सात विकेट से पराजित किया था। भारत ने न्यूजीलैंड के साथ अब तक तीन ट्वेंटी-20 मैच खेले हैं, लेकिन उसे अब तक जीत नहीं मिली है।
भारतीय टीम को अब पांच एकदिवसीय और तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला में हिस्सा लेना है। एकदिवसीय श्रृंखला की शुरुआत 3 मार्च को नेपियर में खेले जाने वाले दिन-रात के मुकाबले के साथ होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।