पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के मुताबिक इस श्रृंखला का आयोजन 22 अप्रैल से 7 मई तक होना है। पहले दो मुकाबले दुबई में खेले जाने हैं जबकि तीन एकदिवसीय मैच अबूधाबी में होंगे। श्रृंखला का एकमात्र ट्वेंटी-20 मैच दुबई में खेला जाएगा।
आस्ट्रेलियाई टीम अभी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर है। वह सीधे वहीं से दुबई पहुंचेगी। आस्ट्रेलियाई टीम ने सुरक्षा कारणों से पिछले साल मार्च में पाकिस्तान के साथ पाकिस्तान में खेली जाने वाली श्रृंखला रद्द कर दी थी।
पीसीबी के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने इस श्रृंखला के सफल आयोजन का भरोसा जताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में पीसीबी तटस्थ आयोजन स्थलों पर टेस्ट मैच खेलने पर विचार कर रहा है।
उन्होंने कहा, "अगर आस्ट्रेलियाई टीम हमारे साथ तटस्थ स्थान पर टेस्ट मैच नहीं खेलेगी तो हम इंग्लैंड के साथ खेलेंगे।"
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच 1998 के बाद से पाकिस्तान में कोई श्रृंखला नहीं हुई है। 2002 में आस्ट्रेलियाई टीम को पाकिस्तान में खेलना था लेकिन सुरक्षा कारणों से उसने इस श्रृंखला को शारजाह और कोलंबो में खेलने का फैसला किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।