भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (एनजेडसी) से कहा था कि वह राहुल द्रविड़, वी.वी.एस. लक्ष्मण और लक्ष्मीपति बालाजी सहित उसके छह खिलाड़ियों को अपने घरेलू मैचों में खेलने दे, जिससे कि टेस्ट मैचों से पहले उनका अभ्यास हो जाएगा।
बीसीसीआई ने एनजेडसी के सामने शर्त रखी थी कि उससे पहले उसे आईसीएल खेल चुके खिलाड़ियों को संबंधित टीमों से हटाना होगा।
एनजेडसी ने इस संबंध में जब एनजेडसीपीए से संपर्क किया तो उसने दो टूक शब्दों में अपनी मंशा जाहिर कर दी कि उसे बीसीसीआई की यह शर्त मंजूर नहीं है।
एनजेडसीपीए के अध्यक्ष हीथ मिल्स ने कहा, "हम भारतीय खिलाड़ियों के अपनी घरेलू लीग में खेलने देने के खिलाफ नहीं हैं लेकिन इसके लिए हम अपने खिलाड़ियों को खेलने से नहीं रोक सकते। हम अपनी नीतियों के साथ समझौता नहीं कर सकते।"
एनजेडसीपीए के मुताबिक जब बीसीसीआई अपनी नीतियों के साथ समझौता नहीं कर सकता तो फिर वह यह कैसे मान रहा है कि दूसरे उसके लिए अपनी नीतियों को ताक पर रखेंगे।
मिल्स का इशारा शुक्रवार को खेले गए उस ट्वेंटी-20 प्रदर्शन मैच की तरफ था, जिसमें सचिन तेंदुलकर और दिनेश कार्तिक को भी खेलना था लेकिन बीसीसीआई के दबाव के आगे दोनों खिलाड़ी इस मैच में सिर्फ इसलिए नहीं खेल सके क्योंकि आईसीएल में खेल चुके हामिश मार्शल भी इस मैच का हिस्सा थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।