ज्यौफ के पुत्र माइकल मार्श और क्रेग के पुत्र एलिस्टर मैक्डरमॉट के लिए एक तरह से अपने पिता की तरह ख्याति अर्जित करने का सफर शुरू हो चुका है।
17 वर्ष के माइकल के बड़े भाई शेन मार्श हालांकि पहले ही आस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय एकदिवसीय टीम के लिए खेल चुके हैं लेकिन माइकल को अभी अपने लिए मुकाम तय करना है।
माइकल के नाम पर्थ के स्कूली क्रिकेट टूर्नामेंट-डारलॉट कप में 105.57 के औसत से सबसे अधिक 739 रन जुटाने का रिकार्ड है।
दूसरी ओर, क्रेग के पुत्र एलिस्टर अपने पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए तेज गेंदबाज बनना चाहते हैं। 17 साल की उम्र में क्वींसलैंड के लिए प्रथम श्रेणी मैच खेलने वाले एलिस्टर आज अपनी प्रतिभा के बूते अंडर-19 टीम में जगह बना चुके हैं।
यही नहीं, एलिस्टर और माइकल को 2010 में होने वाले अंडर-19 विश्व कप के लिए चयनित 31 संभावितों में भी शामिल किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।